इटली में 24 घंटे में 97 लोगों की मौतें दर्ज की गई हैं। यहां अब तक मृतकों की संख्या 463 हो गई है। चीन के बाद यहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, देश में संक्रमण के 7985 मामले सामने आ चुके हैं। उधर, इजराइल आने वाले सभी यात्रियों को दो हफ्ते तक क्वारैंटाइन (अलग-थलग) किया जाएगा। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को इसकी घोषणा की। यहां संक्रमण के 50 मामलों की पुष्टि हुई है।
नेतन्याहू ने कहा कि यह एक मुश्किल फैसला है। लेकिन, लोगों के हित के लिए जरूरी है। इजरायल ने पहले ही कई देशों से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। बुधवार को इजराइल ने फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, ऑस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड से आने वाले यात्रियों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
एशिया में कोरोनावायरस का प्रभाव
चीन में 1 दिन में 17 लोगों की मौत
कोरोनावायरस अब तक करीब 109 देशों में फैल चुका है। वायरस से 1 लाख 14 हजार 814 व्यक्ति संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 4,031 लोगों की मौत हुई है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित शहर वुहान का निरीक्षण किया। देश में कोरोनावायरस के मामलों में लगातार कमी आ रही है। चीन के हेल्थ कमीशन के मुताबिक, सोमवार को यहां 17 लोगों की मौत हुई है। यहां मौतों का आंकड़ा 3136 पहुंच गया है और संक्रमितों की संख्या 80,750 हो गई है।
भारत
देश में सोमवार तक कोरोनावायरस से संक्रमण के कुल 47 मामले हो गए। देर रात दुबई से लौटे पुणे के दो व्यक्तियों में संक्रमण का मामला सामने आया। दोनों को पुणे के नायडू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले अमेरिका से लौटा युवक कर्नाटक में और इटली से लौटा युवक पंजाब में संक्रमित पाया गया था। वायुसेना का विमान सी-17 ग्लोबमास्टर मंगलवार सुबह ईरान से 58 भारतीय नागरिकों के पहले जत्थे को लेकर गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा। विमान सोमवार को रवाना हुआ था। जानकारी के मुताबिक, ईरान में करीब दो हजार भारतीय रह रहे हैं।
शेख हसीना का जापान दौरा रद्द
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए जापान का दो दिनों का दौरा रद्द कर दिया है। विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन ने मंगलवार को ये जानकारी दी। बीडीन्यूज24डॉटकॉम से मोमेन ने कहा कि प्रधानमंत्री 30 मार्च को जापान जाने वाली थीं। जापान में वायरस की वजह से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 1226 लोग संक्रमित हैं। इसमें डायमंड प्रिंसेज शिप पर 696 और देश के अंदर 543 लोग शामिल हैं। इससे पहले शेख मुजीबुर्रहमान की जयंती का शताब्दी समारोह स्थगित कर दिया गया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपना बांग्लादेश दौरा रद्द कर दिया था। यहां अब तक संक्रमण के 3 मामले सामने आए हैं।
ईरान
पश्चिम एशियाई देशों में ईरान कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। वायरस से ईरान में एक दिन में 54 लोगों की मौत हो गई है। कोरोनावायरस के कारण ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने न्यू ईयर की शुरुआत में दिए जाने वाले अपने वार्षिक भाषण को रद्द कर दिया है। यहां अब तक संक्रमण के 7161 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 291 लोगों की मौत हो चुकी है।
मिस्र में शिप पर 17 भारतीय फंसे
मिस्र में शिप ‘ए सारा’ पर तमिलनाडु के रहने वाले 17 नागरिक फंसे हुए हैं। यह शिप लक्जर शहर के पास नील नदी के किनारे खड़ा है। गुरुवार को जहाज पर एक भारतीय समेत 12 क्रू और 33 यात्रियों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। तब से सभी वहीं फंसे हुए हैं। संक्रमित भारतीय नागरिक चेन्नै का रहने वाला है, उसे मिस्र के अलेक्जेंड्रिया में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, सभी भारतीय 27 फरवरी को देश से रवाना हुए थे। तमिलनाडु की विपक्षी पार्टी पट्टाली मक्कल कॉची ने केंद्र सरकार से सभी नागरिकों को निकालने का आग्रह किया है।
यूरोप में कोरोनावायरस
इटली
इटली ने कोरोनावायरस से संक्रमण के कारण सोमवार को पूरे देश में लॉकडाउन लगा दिया। साथ ही भीड़ जुटाने और लोगों की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। रविवार को देश में 133 लोगों की मौत हो गई थी। देश में मौतों का आंकड़ा 463 हो गई है। वहीं, यूरोपीय संसद के स्पीकर डेविड सासोली ने मंगलवार को कहा, ‘‘कोरोनावायरस से प्रभावित देश इटली की यात्रा करने के बाद मैंने खुद को 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन कर लिया है।’’
अमेरिका में 26 लोगों की मौत
अमेरिका के 36 राज्य कोरोनावायरस की चपेट में है। यहां संक्रमण के 717 मामले हो गए, जबकि अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 22 लोगों की मौत वॉशिंगटन में हुई है। वहीं, फ्लोरिडा और कैलिफोर्निया में 2-2 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही कैलिफोर्निया के तट से दूर ग्रैंड प्रिंसेज शिप पर सोमवार को 21 लोगों में संक्रमण का मामला सामने आया। ग्रैंड प्रिंसेज शिप के पहले के एक यात्री की कोरोनावायरस से मौत होने के बाद से जहाज पिछले बुधवार से फंसा हुआ था। जहाज सोमवार दोपहर ओकलैंड पोर्ट पर पहुंच गया।
प्रमुख देशों में संक्रमण और मौतें
देश | संक्रमण | मौत |
चीन | 80,754 | 3136 |
इटली | 9,172 | 463 |
द. कोरिया | 7,513 | 54 |
ईरान | 8,042 | 237 |
फ्रांस | 1,412 | 30 |
स्पेन | 1,231 | 31 |
जर्मनी | 1,224 | 2 |
अमेरिका | 708 | 27 |
जापान | 1226 | 16 |
स्विट्जरलैंड | 374 | 2 |
ब्रिटेन | 321 | 5 |
नीदरलैंड्स | 321 | 4 |
स्वीडन | 261 | 0 |
बेल्जियम | 239 | 0 |
हॉन्गकॉन्ग | 116 | 3 |
ऑस्ट्रेलिया | 93 | 3 |
कनाडा | 77 | 1 |
इराक | 71 | 7 |
मिस्र | 59 | 1 |
सैन मारिनो | 51 | 2 |
थाईलैंड | 50 | 1 |
ताइवान | 45 | 1 |
फिनलैंड | 33 | 0 |
फिलीपींस | 24 | 1 |
अर्जेंटीना | 17 | 1 |